बुधवार, 13 जुलाई 2011

रिश्तों के कद्रदाँ ऋतिक रोशन


विनम्रता और शिष्टाचार के निर्वाह में अभिनेता ऋतिक रोशन का कोई सानी नहीं है। यह सब उनको अपने घर-परिवार और खास पिता से मिला है। दर्शक भलीभाँति जानते हैं कि कहो न प्यार है से लोकप्रियता की सबसे बड़ी ऊँचाई पर पहुँचने के बावजूद ऋतिक ने अपना संयम नहीं खोया था। वे अपनी लोकप्रियता को सीधे दर्शकों से जोड़ते थे और कहते थे कि दर्शकों की चाहत के आगे मैं कुछ नहीं हूँ।

ऋतिक ने अपने लिए हमेशा अच्छी फिल्में चुनीं। किरदार अच्छे निभाये। बोलचाल की भाषा, संवादों की मर्यादा को जाना। फिल्में कैसी करें, इसका निर्णय उनका स्वयं का होता था क्योंकि अपने पापा के साथ फिल्म क्राफ्ट की करण अर्जुन, कोयला समेत कई फिल्मों में वे सहायक निर्देशक का काम किया करते थे जो डायरेक्टर को शॉट के समय सब व्यवस्थित स्थिति में करके देता था। स्क्रिप्ट के स्तर पर लम्बा विमर्श और आकलन उनकी रुचियों में रहा है। इसके बावजूद खैर हर फिल्म कहो न प्यार है न हुई पर एक दशक बाद भी ऋतिक को दर्शक प्यार करते हैं, यह भी उतना ही सच है।

जोया अख्तर की फिल्म जिन्दगी न मिलेगी दोबारा कल रिलीज हो रही है। एक तरह से यह फिल्म ऋतिक के ही कंधों पर है, दूसरे स्टार अभय देओल हैं और फिर उसके बाद फरहान अख्तर। फिल्म बतायेगी, किसका काम कैसा रहा। जोधा अकबर जैसी बहुत महत्वपूर्ण और अच्छी फिल्म करने के बाद दर्शक हिृतिक का काम इस फिल्म में देखेंगे। अनुराग बासु ने काइट्स में उनके साथ एक विफल प्रयोग किया, उसे सभी भूल गये हैं। ऋतिक, फरहान अख्तर के निर्देशन में लक्ष्य फिल्म में काम कर चुके हैं। जावेद अख्तर ने उनकी कई फिल्मों के गीत लिखे हैं। हनी ईरानी ने ऋतिक के लिए हिट फिल्में लिखी हैं। जोया की पहली फिल्म लक बाय चांस में भी उन्होंने एक बड़ी मेहमान भूमिका निभायी थी।

अब थोड़ी नहीं बल्कि बहुत जवाबदारी उन लोगों की भी बनती है जो ऋतिक के साथ फिल्में बनाते हैं। शिष्टाचार की कद्र करने वाले इस सितारे को केवल उसकी छबि के साथ इस्तेमाल करके उसका शोषण नहीं करना चाहिए। उम्मीद की जा सकती है कि बहुत बड़ी सुपरहिट भले न साबित हो, जिन्दगी न मिलेगी दोबारा, मगर कम से कम इस बीच हाल में प्रदर्शित हुई घटिया फिल्मों से राहत दिलाने वाली जरूर साबित हो और ऋतिक रोशन यदि दाँव पर लगे हों तो उन्हें उनका श्रेष्ठ हासिल भी हो।

1 टिप्पणी:

shashiprabha.tiwari ने कहा…

Sunilji! bahut achchi sakaratmak baat kahi hai aapne.